रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की ऊर्जा परियोजना से जुड़ी बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। गोवा तमनार ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट लिमिटेड (GTTPPL) की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, कटंगडीह जंगल क्षेत्र में स्थित 765 केवी डबल सर्किट धरमजयगढ़-तमनार ट्रांसमिशन लाइन से किसी अज्ञात गिरोह ने टॉवर के पार्ट्स चोरी कर लिए, जिनकी कीमत करीब ₹35,000 बताई गई है। यह वही परियोजना है जिसे भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की मंजूरी के बाद जून 2022 में चालू किया गया था। कंपनी ने कहा कि चोरी के चलते कई टॉवर संरचनात्मक रूप से असुरक्षित स्थिति में पहुंच गए हैं और यदि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो टॉवर गिरने का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है।

ऊर्जा आपूर्ति पर संकट की आशंका, कंपनी ने मांगी पुलिस सुरक्षा

कंपनी के अधिकारी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट देश की एक महत्वपूर्ण विद्युत आपूर्ति लाइन है, जिसका निर्माण और रखरखाव पॉवर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (भारत सरकार का उपक्रम) के निर्देश पर किया जा रहा है। कंपनी ने पत्र के माध्यम से घरघोड़ा थाना प्रभारी और अनुविभागीय दंडाधिकारी घरघोड़ा से प्रशासनिक सहायता की मांग की है ताकि परियोजना का रखरखाव बाधित न हो। उनका कहना है कि चोरी के कारण लाइन की सुरक्षा खतरे में है और यदि जल्द कदम नहीं उठाया गया, तो धरमजयगढ़-तमनार ट्रांसमिशन लाइन की विद्युत आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।

FIR दर्ज, पुलिस ने जांच शुरू की — अज्ञात चोरों की तलाश तेज

प्रार्थी रवि कुमार पिता रूपसेन प्रसाद ने इस संबंध में 10 नवंबर 2025 को दोपहर 2:12 बजे घरघोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। चोरी की वारदात 20 मई से 18 सितंबर 2025 के बीच घटित हुई बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है, साथ ही कटंगडीह, भेंड्रा और टेंडा गांवों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। यह मामला अब ऊर्जा अवसंरचना सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *