
तमनार। थाना तमनार क्षेत्र के झिंकाबहाल मेन रोड में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रमानंद राव पिता दनादन राव, उम्र 50 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, सुंदरगढ़, वार्ड क्रमांक 19, थाना एवं जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक स्वयं अपने ट्रक क्रमांक OD 16 E 7589 को चला रहा था। वह बलिंगा माइंस से कोयला लोड कर तमनार स्थित जिंदल संयंत्र की ओर आ रहा था। इसी दौरान ग्राम झिंकाबहाल के पास अचानक ट्रक के आगे वाले टायर के फट जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और मेन रोड के बीचोबीच बने डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का एक्सल टूट गया और ट्रक कुछ दूरी तक घिसटता हुआ बिजली के खंभे से जा भिड़ा। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे चकनाचूर हो गए।
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और सहयोगियों ने चालक को घायल अवस्था में डिवाइडर के पास से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तमनार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल की तहरीर पर मर्ग क्रमांक 76/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मृतक के पुत्र पंकज राव (उम्र 18 वर्ष) ने घटना की सूचना थाना तमनार में दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मर्ग पंचनामा की कार्यवाही प्रारंभ कर दी।
पुलिस जांच जारी, परिजनों में शोक की लहर
घटना की जानकारी मिलने पर तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक की मौत वाहन के असंतुलन से हुए सड़क हादसे के कारण हुई है। मामले की सूचना घरघोड़ा एसडीएम को प्रेषित की गई है। इस हादसे से मृतक के परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच की जा रही है ताकि आगे की विधिक कार्रवाई पूर्ण की जा सके।
