रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम कमतरा निवासी मोहर साय चौहान और उनके भतीजे गजानंद चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सुबह करीब 5 बजे फल लेने के लिए मारूति ओमनी कार (क्रमांक CG13C 5725) से कमतरा, घरघोड़ा से रायगढ़ के संजय कॉम्प्लेक्स जा रहे थे। कार मोहर साय चला रहे थे। जैसे ही वे जिंदल पार्क के आगे मेन रोड के ढलान पर पहुंचे, तभी रायगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक (क्रमांक CG15AC 1320) ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती

हादसे में गजानंद चौहान के बाएं पैर और माथे पर गहरी चोट आई है, जबकि मोहर साय चौहान के दोनों पैरों, कमर और सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि दोनों रोजाना घरघोड़ा और आसपास के बाजारों में फल बिक्री का काम करते हैं और हर सुबह रायगढ़ जाकर माल लाते हैं। हादसे की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

ट्रक की तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि घरघोड़ा-रायगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिंदल पार्क के आगे का ढलान क्षेत्र दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुका है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *