एक विवाहित महिला ने अपने ही पति की कुल्हाड़ी से हत्या करवा दी ताकि वह अपने 15 साल छोटे प्रेमी के साथ रह सके। इस खौफनाक वारदात की पटकथा सोशल मीडिया पर लिखी गई थी। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती पहले बातचीत में बदली और फिर अवैध संबंध में। तीन बच्चों की मां इस रिश्ते में इतनी अंधी हो गई कि उसने अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। प्रेमी बिहार का रहने वाला है और चेन्नई में काम करता था। दोनों ने मिलकर साजिश रची और जब मौका मिला, युवक ने महिला के पति के सिर पर कुल्हाड़ी से दो वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। मृतक का नाम गोपाल साहू (35 वर्ष), उसकी पत्नी रीना साहू (30 वर्ष) और आरोपी प्रेमी राहुल कुमार (20 वर्ष), निवासी बिहार, वर्तमान में चेन्नई में कार्यरत बताया गया है।
सोशल मीडिया बना खून का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला और युवक की मुलाकात कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत के सिलसिले में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी युवक ने नौकरी छोड़कर महिला से मिलने पलारी पहुंचने का फैसला किया। वहीं दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। रात के समय जब घर में बाकी सदस्य सो रहे थे, तब प्रेमी ने कुल्हाड़ी से वार कर महिला के पति को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी ने खून से सनी कुल्हाड़ी को बैग में रखा और घटनास्थल से भाग निकला।
चेन्नई से हुई गिरफ्तारी, तीन बच्चे अनाथ
पुलिस ने वारदात के बाद जांच तेज की तो महिला के मोबाइल से प्रेमी के चैट और कॉल डिटेल मिले, जिससे मामला खुल गया। आरोपी की लोकेशन चेन्नई में मिली और शनिवार को पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवक ने हत्या की बात कबूल कर ली है। इस घटना के बाद पूरे बलौदाबाजार जिले में सनसनी फैल गई है। लोग यह सोचकर हैरान हैं कि एक मां ने प्रेम की दीवानगी में अपने तीन बच्चों को पिता के साये से वंचित कर दिया।


