घरघोड़ा। रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस ने लैलूंगा रोड पर मुख्य गेट के सामने बेरिकेटिंग लगाकर नाकेबंदी की, तभी रायगढ़ की ओर से आ रही सफेद रंग की हुंडई कार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सरगुजा जिले के ग्राम चीताबहार निवासी संतोष दास (26 वर्ष) बताया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बीच की सीट से लेकर डिक्की तक गांजा से भरे 250 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट में एक किलो गांजा होना बताया गया, जिसकी कुल मात्रा 250 किलो और कीमत 18 लाख 2 हजार 500 रुपए आंकी गई है।

कार में छिपाकर कर रहा था तस्करी

पुलिस के अनुसार आरोपी रायगढ़ से लैलूंगा की ओर गांजा लेकर जा रहा था। नशे की इस खेप को कार में सीट और डिक्की के बीच सावधानीपूर्वक छिपाया गया था, ताकि जांच में पकड़ा न जा सके। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तस्करी का यह पूरा नेटवर्क उजागर हो गया। आरोपी से जब माल के संबंध में कागजात मांगे गए तो वह कुछ भी पेश नहीं कर सका।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गांजा और वाहन दोनों को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि संतोष दास किसके लिए यह माल लेकर जा रहा था और इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *