रायगढ़। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देशन और डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर सेल और थाना पूंजीपथरा की टीम को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तुमीडीह महुआ चौक के पास से एक संदेही युवक शिवम बरेठ को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पूछताछ में युवक ने सितंबर माह में अपने साथी राकेश सोनी के साथ सराईपाली के यश मोबाइल दुकान, तुमीडीह के प्रधान मोबाइल और महुआ चौक स्थित कपड़े की दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा उसने एक नाबालिग साथी के साथ भगत कॉलोनी, पूंजीपथरा क्षेत्र से हीरो एचएफ डिलक्स बाइक चोरी करना भी कबूल किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में लिया और दोनों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की संपत्ति जब्त की। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक और परिधान सामग्रियों को बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई, मिली बड़ी सफलता
पूंजीपथरा थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह पर लंबे समय से निगरानी रखी थी। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातों का खुलासा करते हुए अपने साथियों के नाम बताए। शिवम बरेठ की निशानदेही पर पुलिस ने उसके नाबालिग साथी को भी पकड़ा और दोनों के मेमोरेंडम पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में हीरो एचएफ डिलक्स (CG13-YA-2284), होंडा साइन बाइक (NL10-BH-0668), ईयरबड, ईयरफोन, ब्लूटूथ स्पीकर, चार पैंट, लोवर, टी-शर्ट, शर्ट, जूते, मोजे, मोबाइल चार्जर, ईयरबड और मोबाइल डिस्प्ले ग्लास शामिल हैं।
अन्य संदिग्धों पर सतत निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि संपत्ति अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए मुखबिर नेटवर्क और टेक्निकल एनालिसिस की मदद ली जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की संभावना है।


