रायगढ़। सिटी कोतवाली पुलिस ने लक्ष्मीपुर वार्ड नंबर 05 में दबिश देकर एक महिला को अवैध रूप से गांजा बिक्री करते पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी महिला के मकान से तीन किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब ₹36,000 आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

उपनिरीक्षक ए. के. देवांगन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आशा सोनी पति गोविंद सोनी (उम्र 32 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुर वार्ड नं. 05 रायगढ़) अपने घर के अंदर गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर गवाहों की उपस्थिति में लक्ष्मीपुर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी महिला के मकान में एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी कार्रवाई की। तलाशी के दौरान लोहे की पलंग के नीचे रखी सफेद प्लास्टिक बोरी में तीन पैकेट मिले, जिनमें से प्रत्येक में एक-एक किलो गांजा पाया गया।

आरोपी ने कबूला अपराध, चार माह से कर रही थी बिक्री

पूछताछ में आरोपी आशा सोनी ने कबूल किया कि वह पिछले चार माह से गांजा बेचने का काम कर रही है। उसने बताया कि गांजा उसे ग्राम बिरकोल, थाना सराईपाली, जिला महासमुंद निवासी विद्याधर गिरी और अपनी बहन के पति प्रेम सोनी के माध्यम से सप्लाई होता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ओपो कंपनी का मोबाइल फोन (मॉडल A3x 5G) भी जब्त किया है, जिससे वह सप्लायरों से संपर्क करती थी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी आशा सोनी के खिलाफ धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। जप्त गांजा और मोबाइल फोन को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *