10 लाख का वाहन गायब, बड़ी गाड़ियों की चोरी में बढ़ोतरी
रायगढ़। जिले में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां राजेन्द्र कुमार साव (32 वर्ष) ने अपने नाम से पंजीकृत 18 चक्का ट्रेलर को 5 नवम्बर की सुबह लगभग 9 बजे पूर्वांचल ढाबा, लाखा के सामने खड़ा किया था। वे घर चले गए थे, लेकिन जब 6 नवम्बर की सुबह करीब 4 बजे लौटे तो ट्रेलर वहां से गायब था। आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। चोरी गए ट्रेलर की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाहन चोरी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी, पुलिस पर सवाल
रायगढ़ जिले में बीते कुछ महीनों से बड़ी गाड़ियों और ट्रेलरों की चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पहले जहां बाइक चोरी ही आम बात थी, वहीं अब भारी वाहनों को भी निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अब तक ट्रेलर चोरी के कई मामलों में ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। वहीं, वाहन मालिकों में लगातार असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह ट्रेलर चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ इलाकों में बाइकों की चोरी बढ़ी, चोरों में भय नहीं
हालांकि कुछ मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक और छोटे वाहनों के चोरों को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। चोर लगातार नई वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और मानो पुलिस को चुनौती दे रहे हों। साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइकों की चोरी आम हो गई है—जहां लोग खरीदारी या काम से कुछ देर के लिए रुकते हैं, वहीं से बाइक गायब कर दी जाती है। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर, ढाबा क्षेत्रों और ग्रामीण बाजारों में यह समस्या लगातार बढ़ रही है। लगातार बढ़ती इन घटनाओं से वाहन मालिकों में रोष है और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने व सख्त कार्रवाई की मांग की है।


