शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। जानकारी के अनुसार, रेत से भरे एक ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार में एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे ये युवक का पैर बुरी तरह टूट गया है ।यह हादसा शाम करीब 4 बजे उस वक्त हुआ जब रेत से भरा ट्रैक्टर बोईर दादर की ओर जा रहा था। हादसे में घायल युवक की पहचान 36 वर्षीय संजय कुमार वारे के रूप में हुई है, जो गुलमोहर का निवासी है और जेल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में टीवी रिपेयरिंग का काम करता है। बताया गया कि वह अपनी दुकान जा रहा था, तभी अचानक पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त, युवक का पैर टूटा, पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और संजय वारे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह टूट गया, वहीं हाथ में भी गहरी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर तेज गति से चल रहा था और चालक ने नियंत्रण खो दिया था। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार, रेत परिवहन पर उठे सवाल
गिरफ्तार चालक की पहचान सुनील खेस (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंडरीपानी का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालकों की लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चक्रपथ क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर प्लेट या ओवरलोड रेत लेकर गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन ऐसे वाहनों पर सख्त निगरानी रखे ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


