रायगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा विक्रेता

नाबालिग लड़के बनते हैं शिकार,नशे की बढ़ती जद

रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने 19 सितंबर को धिमरापुर इलाके में नशे का कारोबार करने वाले युवक को गिरफ्तार किया। एसपी दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी आकाश मरकाम तथा सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल को सूचना मिली थी कि पुराने बस्ती धिमरापुर निवासी मोहम्मद जैकी खान अपने घर पर नशीली बूट्रम इंजेक्शन रखकर युवकों को बेच रहा है। पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसआई एन्यू देवांगन और टीम के साथ उसके मकान की घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान मकान के सामने मौजूद 3-4 नाबालिग लड़के भाग निकले, लेकिन अंदर बैठे आरोपी और उसके पिता मोहम्मद फिरोज खान को पकड़ लिया गया। आरोपी मोहम्मद जैकी खान उम्र 23 वर्ष, पुराने बस्ती धिमरापुर का निवासी है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 23 नशे की इंजेक्शन (Butorphanol Tatrate Injection USP – Butrum), 2 नीडल सीरिंज और 400 रुपये नकद बरामद किए। इनकी कीमत लगभग 5,750 रुपये बताई गई।

ओडिशा से आ रही नशीले इंजेक्शन की खेप ??

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओड़िशा के कनकतूरा से हर 2-3 दिन में 10-15 पैकेट लाकर बेचता था, जिनमें हर पैकेट में 5 इंजेक्शन होते थे। वह अपने पिता मोहम्मद फिरोज खान के साथ मिलकर युवकों को ये नशीले पदार्थ बेचता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 481/2025 के तहत धारा 123, 275, 286, बीएनएस और 77 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मोहम्मद जैकी खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जिले में लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *