घरघोड़ा में सुरक्षित नही बाइक,चोरों का बढा आतंक

बाईपास रोड से गायब हुई एचएफ डिलक्स, पीड़ित ने जताई नाराजगी
घरघोड़ा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला ग्राम बहिरकेला निवासी युवक का है, जो स्वामी आत्मानंद स्कूल घरघोड़ा में चपरासी के पद पर कार्यरत है। वह 10 सितंबर की शाम अपने घर लौटते समय छाल बाईपास रोड स्थित किराना दुकान में सामान लेने रुका। इस दौरान उसने अपनी मोटरसाइकिल एचएफ डिलक्स क्रमांक CG 13 AW 6176 सड़क किनारे बिना लॉक खड़ी कर दी। जब वह शाम करीब 6 बजे लौटकर आया, तो देखा कि मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 60 हजार रुपये है और लगातार खोजबीन करने के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर उसने 14 सितंबर को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

आंगन से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस, दरवाजा की कुंडी टूटी मिली
इसी तरह दूसरी घटना वार्ड क्रमांक 14 भुर्रीपारा घरघोड़ा की है, जहां एक मजदूर परिवार की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी ने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक क्रमांक OD 04 T 3185, जिसे उसने दो वर्ष पूर्व उड़ीसा से खरीदा था, 7 सितंबर की रात घर के आंगन में खड़ी की थी। वाहन को लॉक नहीं किया गया था। रात में खाना खाकर परिवार सो गया और अगली सुबह लगभग 6 बजे जब प्रार्थी उठा, तो मोटरसाइकिल गायब थी। घर के बाहर का दरवाजा खुला मिला और दीवार पर चढ़ने के निशान भी पाए गए। चोरी हुई मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।

लगातार चोरियों से लोगों में चिंता, पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की
पीड़ित परिवार ने अपने स्तर पर आसपास काफी तलाश की, मगर कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पीड़ित का भाई बलराम पुष्टि के साथ 14 सितंबर को थाना घरघोड़ा पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से इलाके में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे अपराधियों को जल्द पकड़ा जाए और रात के समय गश्त बढ़ाई जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा और विश्वास दोनों बनाए रखा जा सके।

@TAJNEWSNETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *