
✦ घरघोड़ा।
ग्रामीण कृषि विस्तार और विकास अधिकारियों ने आज ग़ैर विभागीय कार्यों में तैनाती के विरोध में SDM कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें लगातार विभागीय कार्यों के अलावा गैर विभागीय जिम्मेदारियों में लगाया जा रहा है, जिससे उनके मूल कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
अधिकारियों ने विशेष तौर पर डिजिटल फसल सर्वेक्षण को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि यह तकनीकी कार्य कृषि विभाग का ही हिस्सा है, इसलिए इसे गैर विभागीय कार्य की श्रेणी में रखना गलत है। साथ ही, 24 अगस्त 2025 को प्रस्तावित शासकीय कृषि स्नातक परीक्षा की ड्यूटी से भी उन्हें मुक्त करने की मांग की गई। उनका कहना है कि इस परीक्षा में ड्यूटी थोपने से उन पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।

कृषि अधिकारियों ने आरोप लगाया कि गैर विभागीय कार्यों से इंकार करने पर उन्हें ड्यूटी रद्द करने की धमकी दी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करता, तो वे आंदोलन की राह पकड़ने को मजबूर होंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इस बोझ की वजह से वे अपने मुख्य विभागीय कार्यों पर पूरा ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, जिससे उनकी कार्यकुशलता और मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
यह मुद्दा अब कृषि विभाग के अधिकार, कार्यभार और सम्मान से जुड़ गया है। प्रशासन के लिए जरूरी है कि जल्द से जल्द समाधान निकालकर विभागीय कार्यों को सुचारू और प्रभावी तरीके से जारी रखने का मार्ग प्रशस्त करे।?
