झूठे केस का डर दिखाकर बुजुर्ग से ऐंठे रुपये, नौकरानी गिरफ्तार
ब्लैकमेलिंग का शिकार बने बुजुर्ग, नौकरानी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 75 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक से ब्लैकमेलिंग कर उनकी नौकरानी ने करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने ठगी से प्राप्त रकम से पंचशील नगर में प्लॉट खरीदा और पांच लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा किए। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित बुजुर्ग रेल विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और पत्नी की मृत्यु के बाद अकेले रहते थे। अगस्त 2018 में उन्होंने घर के काम और भोजन पकाने के लिए आरोपी महिला को केयर टेकर के रूप में रखा था। उसे दस हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता था। शुरुआती वर्षों में कामकाज संतोषजनक रहा, लेकिन तीन-चार साल बाद महिला ने काम में लापरवाही बरतनी शुरू कर दी और अक्सर विवाद करने लगी। इसके बाद उसने बुजुर्ग को धमकाना शुरू किया कि यदि उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वह उन्हें झूठे यौन शोषण के केस में फंसा देगी। डर के कारण बुजुर्ग ने पहले तीन लाख, फिर सात लाख और अंत में पांच लाख रुपये नगद व चेक के जरिए महिला को दे दिए।
बुजुर्ग की चुप्पी टूटी, पुलिस से की शिकायत
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि रकम देने के बाद भी आरोपी की मांगें कम नहीं हुईं। उसने लगातार धमकियां देकर कुल 40 लाख रुपये तक की मांग कर डाली। महिला ने बुजुर्ग के अकेलेपन का फायदा उठाकर लगातार दबाव बनाया और ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रखा। आखिरकार परेशान होकर बुजुर्ग ने हिम्मत जुटाई और मामले की लिखित शिकायत पुलिस से कर दी। शिकायत मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और विस्तृत जांच शुरू की।
प्लॉट जब्त, महिला सलाखों के पीछे
जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी महिला ने अब तक वसूले गए पैसों से पंचशील नगर में प्लॉट खरीदा और पांच लाख रुपये अपने बैंक खाते में सुरक्षित रखे। पुलिस ने संबंधित संपत्ति जब्त कर ली और महिला को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामले वरिष्ठ नागरिकों की असुरक्षा को उजागर करते हैं और पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
