
4 सितंबर 2025 , घरघोड़ा
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा मार्ग पर बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब शराब पीने के लिये पैसे नहीं मिलने पर दो युवकों ने जेसीबी चालक और उसके साथी के साथ मारपीट की और जेसीबी वाहन लेकर फरार हो गए। लेकिन घरघोड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 6 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया वाहन बरामद कर लिया।
घटना ऐसे हुई
प्रार्थी सुनील निषाद (निवासी ग्राम पुछियापाली टाडापारा थाना खरसिया), जो इस समय रायकेरा में रहकर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में जेसीबी चालक है, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 3 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे वह अपने साथी सूरज सिदार के साथ एनटीपीसी तलाईपाली कोयला खदान जा रहा था। तभी ग्राम रायकेरा अटल चौक पर गांव के ही चक्रधर यादव और रोहित महंत ने जेसीबी को रोककर शराब पीने के लिये पैसे मांगे।
इंकार करने पर दोनों ने चालक व हेल्पर के साथ मारपीट कर जेसीबी की चाबी छीनी और करीब 11 लाख की कीमत का पीला रंग का वाहन लेकर मौके से फरार हो गये।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
घटना की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 231/2025 धारा 126(2), 296, 115(2), 119(1), 309(6), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर तेजी से जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने टीम के साथ दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चक्रधर यादव (26 वर्ष) और रोहित दास महंत (42 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम रायकेरा, के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर लूटी गई जेसीबी बरामद कर जब्त की गई।
जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन के साथ थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई संजीवन वर्मा, आरक्षक उद्योराम पटेल, दिनेश सिदार और प्रदीप तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
