नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा वाहिनी उतरी सड़कों पर
डांडिया और पंडालों की सुरक्षा अब दुर्गा वाहिनी के हवाले

रायगढ़ में नवरात्रि और दशहरा पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने खास तैयारी की है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की है, जिसे दुर्गा वाहिनी नाम दिया गया है। यह टीम शहरभर में आयोजित गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और बड़े दुर्गा पंडालों में लगातार पेट्रोलिंग करेगी। नवरात्रि के दौरान शहर में अनेक स्थानों पर गरबा-डांडिया का आयोजन होता है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां पहुंचती हैं। इसी दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षित माहौल तैयार करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मकसद महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और त्योहारों के दौरान उन्हें बिना भय के उत्सव में शामिल होने का अवसर देना है। टीम को पहले ही ड्यूटी से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए हैं और अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें शहरभर में रवाना कर दिया गया है।
दो टीमों में 16 पुलिसकर्मी तैनात,डांडिया स्थलों पर गश्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्गा वाहिनी की कुल दो टीम बनाई गई है। प्रत्येक टीम का नेतृत्व एक महिला एसआई करेंगी। दोनों टीमों में 6-6 महिला पुलिसकर्मी और 2-2 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल हैं। कुल 16 पुलिसकर्मियों की यह टुकड़ी शहर के चार थानाक्षेत्रों में पेट्रोलिंग करेगी। त्योहारों के दौरान किसी भी स्थान पर गड़बड़ी की सूचना मिलते ही टीम तुरंत वहां पहुंचेगी और कार्रवाई करेगी। इससे न सिर्फ गरबा-डांडिया स्थलों बल्कि दुर्गा पंडालों में भी सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि नवरात्रि से लेकर दशहरा तक यह महिला सुरक्षा टीम दुर्गा वाहिनी के नाम से सक्रिय रहेगी। कहीं से भी शिकायत प्राप्त होने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी। पुलिस का कहना है कि इस विशेष दल का गठन महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए किया गया है, ताकि वे निडर होकर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का आनंद ले सकें।
