रायगढ़ जिले में हाथियों की सुरक्षा के लिए नई रणनीति, जलाशयों पर विशेष फोकस
धरमजयगढ़ वन मंडल में लगातार हाथी शावकों की मौत के बाद वन विभाग ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। पिछले 17 दिनों में तीन हाथी शावकों के शव डैम और तालाबों में मिलने से विभाग गंभीर चिंता में है। अब हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 8 ट्रैप कैमरे और 3 थर्मल ड्रोन तैनात किए जा रहे हैं।
वन विभाग के मुताबिक वर्तमान में पूरे वन मंडल क्षेत्र में करीब 135 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें 45 नर, 70 मादा और 20 शावक शामिल हैं। सबसे बड़ा दल छाल रेंज के एडू परिसर में मौजूद है, जहां 62 हाथियों का समूह देखा गया है। इस दल में 9 शावक भी शामिल हैं।
डैम और तालाबों में मिले थे शावकों के शव
हाल के दिनों में अलग-अलग जलाशयों में तीन हाथी शावकों के शव मिलने के बाद विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान शुरू कर दी है। विशेष रूप से उन तालाबों और डैमों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां छोटे शावकों के फंसने या दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
वन अमला अब ऐसे स्थानों पर सुरक्षित ढलान, पहुंच मार्ग और अन्य सुरक्षा उपाय विकसित करने की तैयारी में है ताकि हाथियों का दल पानी पीने के दौरान हादसे का शिकार न हो।
रात में भी होगी निगरानी
वन विभाग ने बताया कि ट्रैप कैमरों के अलावा थर्मल ड्रोन की मदद से सुबह और रात दोनों समय हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। थर्मल तकनीक के जरिए घने जंगल और अंधेरे में भी हाथियों की लोकेशन और मूवमेंट का पता लगाया जा सकेगा।
140 ट्रैकर तैनात
पूरे वन मंडल में लगभग 140 ट्रैकर तैनात किए गए हैं। ये ट्रैकर हाथियों के दल के पीछे-पीछे चलकर उनकी गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
ट्रैकर लगातार अधिकारियों को जानकारी भी भेज रहे हैं ताकि किसी भी असामान्य गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
वैज्ञानिक जांच के लिए भेजे गए सैंपल
वन मंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि आमामुड़ा तालाब में मिले हाथी शावक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सैंपल राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग विशेष रणनीति पर काम कर रहा है और आधुनिक तकनीक की मदद से लगातार मॉनिटरिंग बढ़ाई जा रही है।
