
रायगढ़ जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां आठ साल की बच्ची की केलो नदी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के समलाई मंदिर घाट के पास की है। जानकारी के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सीता सारथी अपनी दो-तीन सहेलियों के साथ नहाने के लिए नदी गई थी। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और बाहर निकलने की कोशिश में असफल रही। बच्ची के साथ गई सहेलियों ने उसे डूबते देखा तो घबराकर जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवकों ने बिना देर किए बच्ची को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन गहराई के कारण वह दिखाई नहीं दी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सूचना मिलते ही पुलिस तथा गोताखोरों की टीम वहां पहुंच गई।
गोताखोरों ने की तलाश, आधे घंटे बाद मिला शव
घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव नदी से बरामद किया गया। शव को बाहर निकालते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने तत्काल शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया घटना का विवरण
स्थानीय युवक प्रशांत सोनी ने बताया कि नदी से अचानक मदद की पुकार सुनाई दी। आवाज सुनकर वह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर बच्ची को खोजने की कोशिश की, लेकिन काफी गहराई और तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिली। लगभग आधे घंटे की खोजबीन के बाद पुलिस और गोताखोरों की मदद से शव बरामद किया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची के डूबने के कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो चुकी थी, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
