घरघोड़ा थाना क्षेत्र के नया रामपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय ग्रामीण की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पंचराम यादव के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह दोपहर 12 बजे गांव के पर्री तालाब में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंचराम ने तालाब में छलांग लगाई, लेकिन लंबे समय तक पानी से बाहर नहीं आया। लोगों ने तत्काल पानी में उतरकर उसकी खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में पंचराम को घरघोड़ा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे नया रामपुर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि पंचराम यादव रोजाना तालाब में स्नान करने जाता था और उसे तैरने का भी अच्छा अनुभव था, बावजूद इसके यह हादसा कैसे हुआ, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा, पुलिस ने मर्ग कायम किया
सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की। सोमवार को पोस्टमार्टम उपरांत पंचराम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




