रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र के आमगांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय शीतल सारथी ने अपने ही घर में साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार, शीतल अपने पति बसंत सारथी के साथ किराए के मकान में रह रही थी। 9 अक्टूबर की सुबह जब बसंत घर पहुंचा तो उसने पत्नी को फंदे पर झूलता देखा। घबराहट में उसने तुरंत अपने पिता पूनीराम सारथी को घटना की सूचना दी। पूनीराम मौके पर पहुंचे और साड़ी काटकर शीतल को नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत तमनार थाना को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

चार साल पहले हुई थी लव मैरिज, पति करता था मारपीट

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शीतल और बसंत ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक तीन वर्षीय बेटा भी है। परिवारजन और पड़ोसियों के अनुसार, विवाह के बाद से ही बसंत का व्यवहार आक्रामक था और वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर शीतल को प्रताड़ित करता था। कई बार समझाइश देने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मायके पक्ष का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान भी बसंत का रवैया अमानवीय था, जिससे शीतल मानसिक रूप से बेहद परेशान थी।

आठ माह की गर्भवती थी मृतका, पुलिस ने पति पर दर्ज किया अपराध

तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि मृतका शीतल आठ माह की गर्भवती थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने ससुर पूनीराम सारथी की रिपोर्ट पर आरोपी पति बसंत सारथी के खिलाफ धारा 108-BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *